राष्ट्रीय

सिलाई मशीन से घर में लगी भीषण आग, 4 महीने की मासूमों समेत 6 को जिंदा लील गया काल!

डेस्क:पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार रात किदवई नगर इलाके के एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से पांच बच्चों सहित छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि घर के भीतर मौजूद लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, इस हृदयविदारक हादसे में एक महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक (मेरठ) अविनाश पांडे ने सिविल अस्पताल में संवाददाताओं को बताया कि घटना किदवई नगर इलाके में रात करीब आठ बजे हुई। उन्होंने बताया कि इकबाल अहमद के आवास पर आग लगने की सूचना रात आठ बजकर 49 मिनट पर मिली, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

पुलिस के मुताबिक, घर में सिलाई का काम होता था और बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे जिससे आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। उसने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है और विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटना में सात लोग झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकों ने उनमें से छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *