झारखंड: रांची से दिल्ली जा रही एक निजी एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया और बाद में चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कथीयातु के जंगलों में इसके क्रैश होने की पुष्टि हुई। हादसे में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
यह विमान रेडबर्ड एयरवेज का Beechcraft King Air C90 (VT-AJV) था, जो मेडिकल इवैक्युएशन मिशन पर दिल्ली जा रहा था। विमान ने शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी। लगभग 7:34 बजे पायलट ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने की अनुमति मांगी, लेकिन कुछ ही देर बाद रडार से संपर्क टूट गया।
विमान में दो पायलट और पांच यात्री सवार थे, जिनमें गंभीर रूप से झुलसे मरीज संजय कुमार, उनके परिजन, एक पैरामेडिक और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास कुमार गुप्ता शामिल थे। डॉ. गुप्ता मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और रांची में कार्यरत थे। वे गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट करने के मिशन में अपनी विशेषज्ञता के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
हादसे की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।
खराब मौसम और दुर्गम जंगल क्षेत्र को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
आशुतोष झा
