राष्ट्रीय

भारतीय तटरक्षक बल की बड़ी कार्रवाई, अरब सागर में ईरानी नाव से पकड़ी 5 करोड़ की सिगरेट

डेस्क:भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तस्करी कर रही एक संदिग्ध विदेशी नाव को पकड़ा है। यह नाव भारतीय समुद्री सीमा (विशेष आर्थिक क्षेत्र) के भीतर अवैध रूप से सिगरेट की तस्करी कर रही थी। शनिवार को तटरक्षक बल के जवानों ने द्वारका से लगभग 115 समुद्री मील पश्चिम में ‘अल मुख्तार’ नाम की एक नाव को देखा। तलाशी लेने पर नाव के अंदर छिपाकर रखे गए विदेशी ब्रांड की सिगरेट के 200 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टन में करीब 1 लाख सिगरेट के पैकेट थे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.5 से 5 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। इस नाव पर चार ईरानी नागरिक सवार थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। नाव और पकड़े गए लोगों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए पोरबंदर ले जाया गया है। नशे के खिलाफ अभियान जारी
यह कार्रवाई तटरक्षक बल द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। इससे पहले 17 फरवरी को भी गुजरात एटीएस के साथ मिलकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था। उस दौरान एक संदिग्ध नाव का पीछा करके उसे पकड़ा गया था, जिसमें से 203 पैकेट ड्रग्स बरामद हुए थे। हर पैकेट का वजन करीब एक किलो था। तटरक्षक बल की इन लगातार कार्रवाइयों से समुद्र के रास्ते होने वाली तस्करी पर लगाम लगाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *