अंतरराष्ट्रीय

PM मोदी मेरे अच्छे दोस्त, लेकिन भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं: ट्रप

डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा। ट्रंप ने यह बयान उस समय दिया जब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ को अवैध ठहराए जाने के बाद 10% ग्लोबल टैरिफ लगाने की घोषणा की।

“भारत टैरिफ देगा, अमेरिका नहीं देगा”

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पड़ने वाले असर के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, “कुछ भी नहीं बदलेगा। वे (भारत) टैरिफ देंगे और हम टैरिफ नहीं देंगे। भारत के साथ डील यही है कि वे टैरिफ देंगे। पहले जैसा नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी एक शानदार और समझदार नेता हैं, लेकिन वे अमेरिका के साथ सौदे में बहुत स्मार्ट थे। भारत हमें नुकसान पहुंचा रहा था। अब हमने एक निष्पक्ष डील की है। अब हम उन्हें टैरिफ नहीं दे रहे और वे हमें दे रहे हैं। हमने थोड़ा उलटफेर (flip) किया है।”
ट्रंप ने कहा कि मौजूदा समझौता “फेयर डील” है और अमेरिका के हित में है।

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका

शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापक ग्लोबल टैरिफ को रद्द कर दिया। अदालत ने कहा कि राष्ट्रपति ने आपातकालीन शक्तियों का गलत इस्तेमाल करते हुए टैरिफ लगाए थे। यह फैसला ट्रंप की आर्थिक नीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि टैरिफ उनकी प्रमुख व्यापार रणनीति का हिस्सा रहे हैं।

ट्रंप का पलटवार: 10% ग्लोबल टैरिफ

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाराज ट्रंप ने ऐलान किया कि वह एक अलग कानूनी रास्ते से सभी देशों पर 10% का समान (uniform) ग्लोबल टैरिफ लगाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस वैकल्पिक कानून का इस्तेमाल किया जाएगा, वह 150 दिनों तक ऐसे टैरिफ लागू करने की अनुमति देता है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह अपने व्यापार एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे कानूनी विकल्पों का सहारा लेते रहेंगे।

सुप्रीम कोर्ट पर नाराजगी

ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह उन जजों से “पूरी तरह निराश” और “शर्मिंदा” हैं जिन्होंने उनके टैरिफ के खिलाफ वोट दिया। उन्होंने फैसले को “बहुत निराशाजनक” बताया, लेकिन यह भी कहा कि इससे उनकी योजनाएं रुकने वाली नहीं हैं। ट्रंप का कहना है कि उनके पास अभी भी “मजबूत और प्रभावी विकल्प” मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *