डेस्क:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ (AI Impact Summit) के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। शुक्रवार को गुजरात के उद्योगपतियों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि कांग्रेस अब न केवल ‘अर्बन नक्सल’ विचारधारा से प्रभावित है, बल्कि उसका एक अटूट हिस्सा बन चुकी है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के प्रदर्शनी हॉल में विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपी टी-शर्ट पकनकर और पकड़कर प्रदर्शन किया। गुजरात के उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट और उद्यमियों को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि इस घटना से हम सभी दुखी हैं।
उन्होंने कहा, “हम अक्सर ‘अर्बन नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं। मैं कह सकता हूं कि पहले कुछ पार्टियां सिर्फ इससे प्रभावित होती थीं, लेकिन आज वे पूरी तरह इसका हिस्सा बन चुकी हैं।” नवीन ने कहा, “जब भारत की वैश्विक स्तर पर चर्चा हो रही है, ऐसे समय में इस तरह की हरकत ने भारत की प्रगति को ठेस पहुंचाई है। एआई इम्पैक्ट समिट जैसे आयोजनों का उद्देश्य भारत को भविष्य की तकनीक का केंद्र बनाना है। हालांकि, इस विरोध प्रदर्शन और उसके बाद आए तीखे बयानों ने एक बार फिर विकास बनाम राजनीति की बहस को तेज कर दिया है। जहाँ भाजपा इसे ‘विकास विरोधी’ मानसिकता कह रही है, वहीं कांग्रेस का यह प्रदर्शन सरकारी नीतियों के प्रति उनकी असहमति का चरम रूप है।
