डेस्क: कोलंबो। श्रीलंका में जनवरी में नए वाहनों का पंजीकरण बढ़कर 55,000 इकाई हो गया, जो दिसंबर में 48,000 इकाई था। इस दौरान भारत से आयात में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। विश्लेषक संस्था जेबी सिक्योरिटीज ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारत से आयात जनवरी में बढ़कर 30,766 इकाई हो गया जो दिसंबर में 26,631 इकाई था।
जेबी सिक्योरिटीज ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, नए पंजीकरण में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 24,163 वाहनों के साथ सबसे अधिक रही। इसके बाद तिपहिया वाहन (3,441 इकाई), एसयूवी (2,100 इकाई) और ट्रक (237 इकाई) का स्थान रहे। कारों का पंजीकरण मासिक आधार पर घटकर जनवरी में 4,648 इकाई रह गया, जो दिसंबर में 5,007 इकाई था। तिपहिया वाहनों का पंजीकरण बढ़कर 3,448 इकाई हो गया जो पिछले महीने 3,007 इकाई था।
भारत की बजाज 2,852 इकाइयों के साथ बाजार में अग्रणी बनी रही। इसके बाद टीवीएस 400 इकाइयों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस दौरान भारत से आयात में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन अब भी सीमित रहे, जिनका पंजीकरण मात्र 29 इकाई रहा। चीन की बीवाईडी कार का पंजीकरण जनवरी में घटकर 758 इकाई रह गया, जो दिसंबर में 850 इकाई था। श्रीलंका द्वारा 2025 की शुरुआत में कार आयात प्रतिबंध हटाने के बाद बीवाईडी शीर्ष विक्रेता बन गई थी।
