स्थानीय

दरभंगा : स्वास्थ्य केंद्र एवं एनएसएस कोषांग द्वारा आयोजित रक्त ग्रुप जांच शिविर का कुलपति ने किया उद्घाटन

विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा स्वास्थ्य संबंधित सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ करने की बनाएं योजना- कुलपति

शिविर में कुल 91 स्वयंसेवकों का किया गया रक्त ग्रुप जांच, स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में किया गया पौधारोपण

दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के स्वास्थ्य केन्द्र एवं एनएसएस कोषांग के संयुक्त तत्त्वावधान में एकदिवसीय निःशुल्क ‘रक्त ग्रुप जांच शिविर’ का आयोजन किया गया।

फीता काटकर शिविर का उद्घाटन करते हुए कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने कहा कि यह केन्द्र विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों तथा कर्मचारियों के लिए भी काफी उपयोगी है। इस केन्द्र द्वारा शीघ्र ही स्वास्थ्य संबंधी सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ करने की योजना बनाएं, ताकि छात्र स्वास्थ्य संबंधी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर विशेष लाभ उठा सकें। शिविर में कुलपति ने स्वयं अपने रक्त ग्रुप की जांच के साथ ही स्वास्थ्य संबंधी अन्य जांच कराया। साथ ही कुलपति ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में लीची का पौधा रोपण भी किया।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गीतेन्द्र ठाकुर ने बुके से कुलपति का स्वागत करते हुए कहा कि स्वयंसेवकों के रक्त ग्रुप जांच कर छात्र-छात्राओं का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, ताकि आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद लोगों को रक्तदान के माध्यम से जीवन रक्षा की जा सके। उन्होंने 3 साल से बंद पड़े स्वास्थ्य केन्द्र को पुनः कुलपति द्वारा प्रारंभ करवाने हेतु उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के शिविर में 91 स्वयंसेवकों का रक्त ग्रुप जांच किया गया। आगे भी इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

एनएसएस समन्वयक डॉ. आरएन चौरसिया ने बताया कि रक्त ग्रुप की जानकारी जीवन रक्षक परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण है। दुर्घटना, ऑपरेशन, रक्त केंसर, एनीमिया, थैलेसीमिया आदि होने की स्थिति में रक्त की आवश्यकता होती है। रक्त ग्रुप पता रहने से समय की बचत के साथ ही जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। रक्त समूह जांच एक सरल, त्वरित एवं सस्ती प्रक्रिया है, जिसका हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। उन्होंने बताया कि इस शिविर में मुख्य रूप से पीजी एनएसएस इकाई एवं बीएड रेगुलर की एनएसएस इकाई के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रो ए के बच्चन, डॉ सोनू राम शंकर, डॉ उदय कुमार, अमरेश कुमार झा, अजमत इमाम, लाल किशोर झा तथा शिवनाथ आदि सहित 100 से अधिक व्यक्ति उपस्थित थे। शिविर में तकनीकी सहायक के रूप में अनुपम कुमार, राजेश रोशन तथा अशोक कुमार झा एवं स्वयंसेवक समरेश कुमार ने सराहनीय योगदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *