उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव से पहले ओवैसी ने गठबंधन का दिया प्रस्ताव, सपा सांसद ने पहल का स्वागत किया

डेस्क: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की पहल का स्वागत किया। सलेमपुर से सांसद विद्यार्थी ने सिकंदरपुर क्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) के बीच लड़ाई शुरू हो चुकी है तथा इस लड़ाई में जो भी साथ आएगा, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा, “सपा के लिए सीट मायने नहीं रखती, जीत मायने रखती है।

कांग्रेस और सपा में जिस सीट पर जो जीत सकता है, उसे टिकट मिलेगा।” ओवैसी ने एक अक्टूबर को कहा था कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनावी गठबंधन करने के लिए तैयार है क्योंकि वह नहीं चाहती कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरी बार राज्य की सत्ता में आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीडीए के नए नामकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा

सांसद ने कहा, “भस्मासुर और भाजपा से नौजवानों दूर रहो।” उन्होंने कहा, “सरकार उनकी है और फिर भी वे सपा पर दोष मढ़ते रहते हैं। भस्मासुर भाजपा ही है, इससे बचना चाहिए।” विद्यार्थी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि उनके पाप का घड़ा भर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *