डेस्क:राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पार्टी के भविष्य को लेकर एक बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। मंगलवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में तेजस्वी ने घोषणा की कि राजद अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एक “राष्ट्रीय पार्टी” बनने का लक्ष्य लेकर अन्य राज्यों में भी अपना आधार बढ़ाएगी। यादव ने कहा कि पार्टी अब अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने से परहेज करने की अपनी पुरानी नीति से आगे बढ़ेगी, जो “धर्मनिरपेक्ष मतों” के बंटवारे से बचने के लिए अपनाई गई थी। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने पिता और राजद के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद के राजनीतिक गुरु कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “मार्च से हम पार्टी को मजबूत करने के लिए अभियान शुरू करेंगे। लालू प्रसाद ने राजद को राज्य में एक बड़ी ताकत बनाया। हमें उनके काम को आगे बढ़ाना है और राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने की आकांक्षा रखनी है।
