
दरभंगा (कुमार रोशन) : मंडल कारा दरभंगा में शुक्रवार से मखाना अनुसंधान केन्द्र की ओर से दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. इसमें बंदियों को मखाना उत्पादन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया. मखाना अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. इंदुशेखर सिंह व तकनीकी अधिकारी आलोक कुमार ने 57 बंदियों को प्रशिक्षण दिया. मौके पर मंडल कारा अधीक्षक डॉ. स्नेहलता ने बताया कि शिविर में मखाना अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिकों की ओर से मखाना उत्पादन के संबंध में बंदियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. इसका उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने बताया कि समय-समय पर बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है. कार्यक्रम में उपाधीक्षक श्रीमण नारायण हिमांशु, सहायक अधीक्षक पूनम कुमारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
