खेल

T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट पर पाकिस्तान ने आखिर क्‍यों लिया यू-टर्न? सामने आई चौंकाने वाली रिपोर्ट

डेस्क: पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में भारत के खिलाफ अपनी टीम उतारने से साफ इनकार कर दिया था। इसके पीछे की वजह बांग्‍लादेश का समर्थन बताया गया। लेकिन, अब उसने यू-टर्न लेते हुए पाकिस्‍तान को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है। रिपोर्ट आ रही है कि पाकिस्‍तान ने ये फैसला यूं ही नहीं लिया है। उसे एहसास हो गया था कि मैच का बॉयकॉट कर उसने बड़ी गलती कर दी है और इसके लिए आईसीसी उस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा सकता है, जिसके बाद उसने इससे बाहर निकलने के लिए बांग्‍लादेश से मदद मांगी।

पाकिस्तान चाहता था कि बांग्लादेश फॉर्मल अपील करे!

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कथित तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चेयरमैन अनिमुल इस्लाम को पाकिस्तान बुलाया, ताकि वे भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए पाकिस्तान से फॉर्मल अपील करें। रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से दावा किया गया है कि यह अपील पाकिस्तान का खुद को इस मुश्किल से बाहर निकालने का तरीका था।

पाकिस्तान ने शुरू में पूरे टूर्नामेंट का बॉयकॉट करने के बारे में सोचा था, लेकिन आईसीसी की तरफ से इवेंट छोड़ने पर लगने वाले बैन, फाइनेंशियल पेनल्टी और कानूनी मुश्किलों के बारे में चेतावनी मिलने के बाद उसने यू-टर्न ले लिया। इस प्रक्रिया से वाकिफ एक सोर्स ने रिपोर्ट में कहा कि मोहसिन नकवी ने बुलबुल को यह रिक्वेस्ट करने के लिए बुलाया था कि वह पाकिस्तान से भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए एक फॉर्मल अपील जारी करें और यह इस झंझट से निकलने का एक सम्मानजनक तरीका था।

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी किया गया ये फरमान

आईसीसी के साथ मीटिंग के बाद पाकिस्तान सरकार ने अपने खिलाड़ियों को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान में उतरने का निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर पाकिस्तान सरकार ने कहा कि देश के पीएम शहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी के साथ हाई-लेवल मीटिंग के नतीजे के बारे में बताया था, जिसके बाद टीम को निर्देश जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *