उत्तर प्रदेश

हाथरस में न्याय की मांग ने लिया हिंसक मोड़! थाने पर पथराव और चक्काजाम के मामले में 12 महिलाओं समेत 26 गिरफ्तार

डेस्क:उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मुरसान कोतवाली पुलिस ने एक सड़क हादसे के बाद हिंसक प्रदर्शन करने, थाना परिसर पर पथराव करने और यातायात बाधित करने के आरोप में 26 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार को किला मढैया में अर्टिगा गाड़ी की टक्कर से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद वाहन चालक व उसमें सवार दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना से गुस्साए बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों ने बाद में मुरसान कोतवली के सामने सड़क पर यातायात जाम कर दिया। पुलिस लोगों को अपने द्वारा की गई कानूनी कार्रवाई से अवगत करा रही थी, तभी कुछ लोगों ने रेलवे लाइन के पत्थरों से थाने पर पथराव कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में 51 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *