अंतरराष्ट्रीय

ओमान में अमेरिका-ईरान की बातचीत खत्म… क्या परमाणु डील की तरफ बढ़ रहे हैं दोनों देश?

डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच ओमान की राजधानी मस्कट में चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत फिलहाल के लिए समाप्त हो गई है, लेकिन इसके संकेत काफी अहम माने जा रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बातचीत को “सकारात्मक” बताते हुए कहा है कि यह एक अच्छी शुरुआत है और आगे बढ़ने की गुंजाइश मौजूद है।

ओमान में मीडिया से बात करते हुए अराघची ने कहा कि अगर यही सकारात्मक रुख बना रहा, तो ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु मुद्दे पर एक ठोस और सकारात्मक फ्रेमवर्क तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राजधानी मस्कट में दोनों पक्षों के बीच अप्रत्यक्ष रूप से कई दौर की बैठकें हुईं।

ईरानी विदेश मंत्री ने साफ किया कि बातचीत यहीं खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि चर्चा आगे भी जारी रहेगी, लेकिन अब इसके तकनीकी और अहम पहलुओं पर दोनों देशों की राजधानियों में विचार-विमर्श होगा।

अराघची ने बातचीत के माहौल को लेकर कहा, “यह एक अच्छी शुरुआत है। हमारे विचार एक-दूसरे तक पहुंचे, जो बेहद जरूरी था। हमने अपनी चिंताओं, हितों और ईरानी जनता के अधिकारों को स्पष्ट रूप से रखा और दूसरे पक्ष की बातों को भी ध्यान से सुना गया। पूरा संवाद सकारात्मक माहौल में हुआ।”

ओमान में हुई इस अप्रत्यक्ष बातचीत के बाद अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या आने वाले दिनों में यह संवाद किसी बड़े कूटनीतिक समझौते की ओर बढ़ेगा या फिर यह सिर्फ शुरुआती औपचारिकता बनकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *