मुंबई/छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र की कैबिनेट मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे मंगलवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गईं। जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए लातूर रवाना होने से पहले उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खामी सामने आई, जिसके बाद उड़ान तत्काल रद्द कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक पंकजा मुंडे छत्रपति संभाजीनगर से हेलीकॉप्टर के जरिए लातूर जाने वाली थीं। टेकऑफ से पहले पायलट ने हेलीकॉप्टर में खराबी महसूस की और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ान भरने का फैसला टाल दिया गया। इस सतर्कता के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।
हेलीकॉप्टर की यात्रा रद्द होने के चलते पंकजा मुंडे के लातूर में प्रस्तावित चुनावी कार्यक्रमों का समय भी बदला गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलीकॉप्टर में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी।
गौरतलब है कि पंकजा मुंडे इन दिनों महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव को लेकर लगातार प्रचार में जुटी हुई हैं। एक दिन पहले उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर के बजाजनगर इलाके में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं की थीं और विभिन्न जिला परिषद समूहों के मतदाताओं से संवाद किया था।
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब हाल ही में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो चुकी है। ऐसे में पंकजा मुंडे के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी को लेकर सुरक्षा को लेकर चिंताएं और सतर्कता और बढ़ गई हैं।
आशुतोष झा
