अन्य

जेल में बंद अनंत सिंह ले सकते हैं विधायक पद की शपथ, कोर्ट के आदेश पर विधानसभा लाने की तैयारी

पटना। बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह मंगलवार को विधानसभा सदस्यता की शपथ ले सकते हैं। दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह को कोर्ट के आदेश के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा लाने की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में जीत के बावजूद अब तक अनंत सिंह ने विधायक पद की शपथ नहीं ली थी, जिसको लेकर लगातार राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं। अब अदालत से अनुमति मिलने के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है।

अनंत सिंह इस समय दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में हैं। यह हत्या विधानसभा चुनाव के दौरान हुई थी, जब अनंत सिंह के काफिले और विरोधी गुट के समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी। इस दौरान फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें दुलारचंद यादव की मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे 75 वर्षीय दुलारचंद यादव मोकामा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता थे। आरोप है कि अनंत सिंह के समर्थकों के साथ हुई भिड़ंत के दौरान उन्हें गोली लगी और बाद में गाड़ी से कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मौत भारी वस्तु के नीचे दबने से हुई, हालांकि गोली लगने की पुष्टि भी की गई है।

घटना के कुछ दिन बाद 2 नवंबर को पटना पुलिस ने अनंत सिंह को उनके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया था। तब से वे बेऊर जेल में बंद हैं। इस मामले में अब तक 80 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच पटना पुलिस के साथ-साथ सीआईडी कर रही है।

जेल से जीत, फिर भी चर्चा में मामला

गौरतलब है कि जेल में बंद रहने के बावजूद अनंत सिंह ने मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, जिससे यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया। फिलहाल उनकी जमानत याचिका अदालत द्वारा खारिज की जा चुकी है और वे जेल में ही रहेंगे।

अब सभी की नजरें मंगलवार को होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हैं, जब अनंत सिंह को शपथ ग्रहण के लिए विधानसभा लाया जा सकता है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *