खेल

IND vs PAK: अगर भारत के खिलाफ नहीं खेला तो सख्त फैसले ले सकता है ICC, बर्बाद हो जाएगा पाकिस्तान का क्रिकेट

डेस्क: रविवार को पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर खेल की दुनिया में हड़कंप मचा दिया है. पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) में भाग लेने की मंजूरी दे दी है. लेकिन साथ ही उसे यह भी निर्देश दिया है कि वह 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा. इस दिन पाकिस्तान की टीम मैदान पर नहीं उतरेगी. ऐसे में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उसे अपने फैसले पर फिर से विचार करने की सलाह दी है. अगर वह नहीं माना तो ICC उसके खिलाफ कई सजा देने वाले कदम उठा सकता है. यह कार्रवाई पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करने के फैसले के बाद की जा सकती है और इसमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आगामी सत्र से टीम पर प्रतिबंध लगाया जाना भी शामिल है.

अन्य सजा में शीर्ष सदस्य देशों का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार करना. भारी वित्तीय जुर्माना और साथ ही पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर होने के फैसले का साथ देते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ अपना ग्रुप लीग मैच नहीं खेलने का फैसला किया है, जबकि आईसीसी और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के साथ उसका तटस्थ स्थल पर मैच खेलने का अनुबंध है जो बाध्यकारी है.

आईसीसी बोर्ड के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘पीसीबी ने अभी तक आईसीसी को आधिकारिक तौर पर सूचित नहीं किया है. लेकिन आधिकारिक घोषणा हो चुकी है. इसलिए आईसीसी के कुछ सख्त कार्रवाई करने की उम्मीद है. आईसीसी बोर्ड कल (सोमवार) वर्चुअल बैठक करेगा और तय करेगा कि पाकिस्तान को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत दी जानी चाहिए या नहीं. अगर उन्हें इजाजत दी जाती है तो पीसीबी को कुछ सख्त सजा हो सकती है.’

तो PCB को मिल सकती है क्या-क्या सजा?

सूत्र ने कहा, ‘वे एक बाध्यकारी अनुबंध का उल्लंघन कर रहे हैं. इसलिए आईसीसी के सदस्य बोर्ड द्विपक्षीय सीरीज के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर सकते हैं. अगर वे द्विपक्षीय सीरीज खेलते हैं तो इस बात की पूरी संभावना है कि नतीजों का सभी फॉर्मेट में आईसीसी रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा.’

उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान को कोई डब्ल्यूटीसी अंक नहीं मिलने की भी संभावना है.’ हालांकि पाकिस्तान को सबसे अधिक नुकसान उसके लिए राजस्व पैदा करने वाली पाकिस्तान सुपर लीग पर रोक से हो सकता है.
सूत्र ने आगे कहा, ‘संन्यास ले चुके खिलाड़ियों या फ्री एजेंट्स को छोड़कर मौजूदा विदेशी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पीएसएल में हिस्सा लेने से रोका जा सकता है. इसके अलावा आईसीसी के मेजबान प्रसारणकर्ता जियो-स्टार को होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई भी पीसीबी को करनी होगी जो लाखों डॉलर तक हो सकती है. उनका सालाना राजस्व भी रोका जा सकता है.’

अगर आईसीसी पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बैन करता है तो युगांडा उनकी जगह लेगी लेकिन यह बोर्ड बैठक के बाद ही तय होगा. आम तौर पर भारत-पाकिस्तान टी20 मैच के लिए विज्ञापन की दर 25 लाख से 40 लाख रुपये प्रति 10 सेकेंड के बीच होती है. सिर्फ विज्ञापन राजस्व नुकसान 200 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *