दरभंगा। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। उप विकास आयुक्त ने बताया 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा वर्तमान वर्ष का थीम “मैं इंडिया, मैं वोट” है,जो प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी को रेखांकित करता है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा दिए गए संदेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए सभी मतदाताओं को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा भारत के भविष्य का निर्धारण करने की शक्ति मतदाताओं के हाथ में है,प्रत्येक मतदाता को धर्म, जाति एवं किसी भी प्रकार के प्रलोभन से मुक्त होकर, निर्भीक वातावरण में मतदान करना चाहिए। इस अवसर पर विशेष गहन पुनरीक्षण-अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 28,80,799 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष- 15,17,771, महिला – 13,62,985 एवं तृतीय लिंग- 43 हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 62,904 मृत मतदाता, 88,921 स्थायी रूप से विस्थापित मतदाता, 27,516 अनुपस्थित मतदाता तथा 23,978 दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को चिह्नित किया गया। वर्तमान विशेष अभियान के अंतर्गत दोहरी प्रविष्टियों के विलोपन की प्रक्रिया में 99.16 प्रतिशत निष्पादन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ तथा निर्वाचन सूची की तैयारी में बेहतर योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।साथ ही जिला स्वीप आइकॉन श्री मणिकांत झा एवं जिला दिव्यांगजन स्वीप आइकॉन श्री जितेंद्र कुमार को भी सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही इसके अतिरिक्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों—श्री मुकुंद चौधरी, श्री देवेंद्र कुमार झा, श्री गगन कुमार झा, श्री जवाहर शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला स्वीप आइकॉन श्री मणिकांत झा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी, अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।