मुंबई: मुंबई से सटे कल्याण-डोंबिवली नगर निगम चुनाव के बाद राजनीतिक तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने शिवसेना (शिंदे गुट) को समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे नगर निगम में सत्ता गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
एमएनएस के पूर्व विधायक प्रमोद राजू पाटिल ने पार्टी के सभी पांच पार्षदों की ओर से शिवसेना को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि शहर के विकास और स्थिर प्रशासन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
हाल ही में हुए 122 सदस्यीय कल्याण-डोंबिवली नगर निगम चुनाव में शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। शिवसेना के 53 पार्षद पहले ही अपने गुट का पंजीकरण करा चुके थे। अब एमएनएस के पांच पार्षदों के समर्थन से यह संख्या बढ़कर 58 हो गई है, जिससे शिंदे गुट की स्थिति और मजबूत हो गई है।
शिवसेना और भाजपा ने यह चुनाव महायुति के तहत लड़ा था। ऐसे में तय माना जा रहा है कि कल्याण-डोंबिवली नगर निगम का मेयर महायुति से ही बनेगा। हालांकि मेयर पद को लेकर ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले पर अंतिम फैसला अभी बाकी है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार आने वाले दिनों में मेयर पद को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
आशुतोष झा
