मुंबई: दिल्ली के बाद अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी बिहार की पहचान को नया ठिकाना मिलने जा रहा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बिहार सरकार एक भव्य और आधुनिक बिहार भवन का निर्माण कराएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 314 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह भवन करीब 30 मंजिला होगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह बिहार भवन न केवल प्रशासनिक और आवासीय जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि मुंबई में रह रहे और काम कर रहे बिहार के लोगों के लिए एक मजबूत सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। दिल्ली स्थित बिहार भवन की तर्ज पर बनने वाली इस इमारत में गेस्ट हाउस, कार्यालय, सम्मेलन कक्ष और आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। माना जा रहा है कि मुंबई में बिहार भवन बनने से बिहार सरकार के कार्यों के संचालन में सहूलियत होगी और राज्य के लोगों को भी बड़े महानगर में सरकारी सहयोग आसानी से मिल सकेगा।
राज्य सरकार का यह कदम प्रवासी बिहारियों के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुंबई में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रोजगार और व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। यह भवन उनके लिए न केवल सहारे का केंद्र बनेगा, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती देगा।
आशुतोष झा
