राष्ट्रीय

समाजवादी पार्टी के कई विधायक भाजपा में आने को तैयार:केशव प्रसाद मौर्य

डेस्क :उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के कई विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आने को तैयार हैं लेकिन भाजपा उन्हें शामिल नहीं कर रही।आगरा के दौरे पर आये मौर्य ने केंद्र सरकार द्वारा लाई गई विकसित भारत जी राम जी योजना की प्रशंसा करते हुए यहां ‘सर्किट हाउस’ में पत्रकारों से कहा कि इस नयी व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा सहित अन्य विपक्षी राजनीतिक दलों को इस व्यवस्था से दिक्कत है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब से अखिलेश यादव बिहार में चुनाव हार कर लौटे हैं, तभी से वह बौखलाए और घबराए हुए हैं। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं कि 2027 में सरकार बना लेंगे और समाज को बांटकर राज करेंगे।’’

मौर्य ने कहा कि सपा ने ‘‘झूठ फैलाकर’’ 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ सीट जरूर हासिल कर ली थीं लेकिन उस भ्रम को हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार की जनता ने नकार दिया। उन्होंने दावा किया कि सपा के कई विधायक भाजपा में आना चाहते हैं लेकिन भाजपा उन्हें पार्टी में शामिल नहीं कर रही।

उन्‍होंने सपा प्रमुख के ‘पीडीए’ नारे पर प्रहार करते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है और अब इसकी हवा निकल चुकी है। उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को राम का नाम लेने में दिक्कत हो रही है, ऐसे लोग ही जी राम जी योजना का विरोध कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *