डेस्क :तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अदालत के आदेश पर चलाए गए अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान कथित तौर पर 30-35 लोगों के एक समूह ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए, बैरिकेड तोड़े और एक लाउड स्पीकर छीनकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गयी एक प्राथमिकी में यह जानकारी दी गयी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात चलाए गए अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अधिकारियों पर पथराव करने में 100 से अधिक प्रदर्शनकारी शामिल थे। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को तुर्कमान गेट हिंसा में पत्थरबाजी की घटना के सिलसिले में 30 लोगों की पहचान की, जिसमें पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस टीमें उन्हें हिरासत में लेने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
