प्रयागराज :मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के बाद जिले में 11.56 लाख मतदाता कम हो जाने से आबादी-मतदाता समानुपात भी घट गया है. लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कुल आबादी का 60 प्रतिशत मतदाता होने चाहिए.इस तरह से यदि मौजूदा अनुमानित आबादी लगभग 74 लाख को माना जाएगा तो जिला प्रशासन को लगभग नौ लाख नए वोटर्स जोड़ने होंगे. वहीं वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक लगभग 59 लाख की आबादी मानी जाएगी तो उसके 60 प्रतिशत के हिसाब से लगभग पांच हजार वोटर ही कम हैं. फिलहाल, जिला प्रशासन अब ज्यादा से ज्यादा मतदाता जोड़ने पर जोर दे रहा है. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही अब एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं जिनका नाम 2027 के विधानसभा चुनाव के वोटर लिस्ट में जुड़ जाएगा.
भारत निर्वाचन आयोग ने नए मतदाता को सूची में जोड़ने के लिए चार तिथियां निर्धारित की हैं. इसके तहत एक जनवरी 2026 के अतिरिक्त एक अप्रैल 2026, एक जुलाई 2026, एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे. इसके लिए बूथों पर फार्म छह भरना होगा, जिसके साथ प्रारूप चार के तहत भी आवेदन करना होगा. हर शनिवार और रविवार को बूथों पर इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा.
शहरी विधानसभाओं में नए वोटर बढ़ाने ज्यादा कोशिश
शहरी विधानसभा क्षेत्रों में नए वोटर बढ़ाने के लिए ज्यादा कोशिश की जाएगी. इसके लिए इंटर कालेजों से लेकर डिग्री कालेजों, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग व मेडिकल कालेजों में आनलाइन आवेदन कराने के लिए कैंप भी कराए जाएंगे, जहां जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी पहुंचेंगे और उन छात्र-छात्राओं का नाम सूची में आनलाइन दर्ज कराएंगे, जो मतदाता बनने के लिए योग्य होंगे. एसआइआर अभियान में जनपद के 11 लाख 56 हज़ार 305 मतदाता कम हो गए हैं. इनमें शहरी क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज़्यादा लगभग सात लाख वोटर घटे हैं. जनपद में तीन विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह से शहरी क्षेत्र में हैं. तीन विधानसभा क्षेत्र आंशिक तौर पर शहरी हैं. इलाहाबाद उत्तर में एक लाख 80 हजार, दक्षिण में एक लाख 40 हजार व पश्चिम में एक लाख 39 हजार मतदाता कम हुए हैंं.
जिनके नाम कच्ची वोटर लिस्ट में नहीं, वे भी भर सकते हैं फार्म-छह
एसआइआर अभियान के बाद मंगलवार को मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के बाद घटे मतदाताओं की संख्या ने सभी को चौका दिया है. निर्वाचन आयोग ने एक और मौका देते हुए यह निर्देश जारी किए हैं कि मंगलवार को जारी मतदाता सूची में जिनका नाम नहीं है, वे भी फार्म-छह भर सकते हैं. दरअसल, काफी संख्या में ऐसे भी लोगों के नाम कट गए हैं जिनके नाम पिछले चुनावों की सूची में था और उन लोगों ने मतदान भी किया था. ऐसे लोग दावे और आपत्ति भी कर सकते हैं.
नोमैपिंग वाले वोटर को नोटिस जारी करने को प्रशिक्षण आज
एसआइआर अभियान में लगभग 2.87 लाख मतदाता नोमैपिंग वाले हैं. इन मतदाताओं के नामों का मिलान वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची से नहीं हो सका है. ऐसे मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा, जिसके जवाब में योग्य मतदाताओं को साक्ष्य देने होंगे. नोटिस भेजने की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को राज्य के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी दी. इसके साथ ही जिले के सभी 12 ईआरओ तथा 100 से ज्यादा एईआरओ को गुुरुवार शाम पांच बजे एएमए हाल में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
