अन्य

मातृशक्ति के सशक्तिकरण से ही समृद्ध बिहार का निर्माण संभव : डॉ. धर्मशीला गुप्ता

दरभंगा। पटना के प्रतिष्ठित रविंद्र भवन में मंगलवार को मातृशक्ति आभार समृद्ध बिहार का आधार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद, डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने कहा मातृशक्ति के सशक्तिकरण के बिना समृद्ध बिहार की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा मातृशक्ति परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। सांसद गुप्ता ने कहा विकास को केवल सड़क, भवन और आंकड़ों से नहीं आँका जा सकता। किसी भी राज्य की असली प्रगति उसके संस्कार, संवेदना और संकल्प से होती है, जिनकी पहली पाठशाला माँ होती है। माँ ही जीवन की पहली गुरु होती है, जो बच्चों को संस्कार, आत्मविश्वास और संघर्ष की सीख देती है। आज बिहार की महिलाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता और राजनीति सहित हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। यह बदलाव केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, संकल्प और महिलाओं के प्रति बढ़ते विश्वास का परिणाम है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, महिला आरक्षण और स्वयं सहायता समूहों जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ आज केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि गाँव, समाज और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी दिशा दे रही हैं, जो समृद्ध बिहार की तस्वीर पेश करता है। कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, खेल मंत्री, श्रेषी सिंह, विधायक संजय गुप्ता, छोटी कुमारी तथा बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन सजल झा, कार्यक्रम संयोजक, बिहार प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी एवं बिहार राज्य महिला आयोग सदस्य के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने बिहार की मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा जब महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त होंगी, तभी बिहार वास्तव में समृद्ध बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *