जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आरके सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सातों मंडलों के भाजपा मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। विधायक ने टाटा अधीन क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सतत निगरानी जरूरी है।
बैठक के दौरान विभिन्न मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को लेकर टाटा कमांड एरिया से संबंधित मांगपत्र सौंपा। इसमें जलापूर्ति, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। टीएसयूआईएसएल के महाप्रबंधक आरके सिंह ने अधिकारियों के साथ सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने की दिशा में टाटा स्टील यूआईएसएल लगातार कार्य कर रहा है। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, रंजीत सिंह, विकास शर्मा, रितेश झा, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी एवं अशोक सामंत उपस्थित थे
।
