अन्य

घना कोहरा, कड़ाके की ठंड और जहरीली हवा, दिल्ली में जनजीवन अस्त-व्यस्त

दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण सर्दी, घने कोहरे और गंभीर वायु प्रदूषण की तिहरी मार झेल रही है। सुबह के समय कई इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे चली गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड के साथ बढ़े प्रदूषण ने हालात और बिगाड़ दिए हैं और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।

कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेलवे सेवाओं पर देखने को मिला। भारतीय रेलवे के अनुसार, खराब विजिबिलिटी के कारण करीब 100 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों में नाराजगी है और स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

हालांकि, हवाई यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि घने कोहरे के बावजूद विमानों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। टेकऑफ और लैंडिंग में किसी तरह की बाधा नहीं है और एयरपोर्ट स्टाफ यात्रियों की मदद के लिए तैनात है। प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *