छपरा: बीते दिन बिहार में सारण जिले के पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन के उत्तरी हिस्से में बुढ़िया माई मंदिर के पास मिले युवती के सिर कटे लाश में अब नया मोड़ आ गया है. रेलवे लाइन से राजकीय रेल थाना पुलिस ने जिस युवती का शव बरामद किया अब उसके शव का पोस्टमार्टम दोबारा होगा.
मृत युवती अंजली कुमारी के पिता एकमा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी जितेंद्र राय ने राजकीय रेल थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा कि उनकी पुत्री मालखाना चौक से उत्तर स्थित श्रेया इमरजेंसी हॉस्पिटल संचालक सह चिकित्सक डॉक्टर पंकज कुमार के नर्सिंग होम में काम करती थी.उसका शव रेलवे लाइन पर मिलने के बाद परिजनों ने इस मामले की जानकारी जब संबंधित चिकित्सक से मांगी गई तो उनकी तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. अब रेल एसपी के निर्देश पर शव का पोस्टमार्टम दोबारा होगा. अब मेडिकल बोर्ड अंजलि के शव का पोस्टमार्टम करेगी. अंजलि के परिजनों ने गैंगरेप और मर्डर का आरोप लगाया है.
नर्स अंजलि मर्डर केस की जांच जारी है. इस मामले में मृतका अंजलि के भाई ने एक डॉक्टर और दो कंपाउंडर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अंजली की रूम पार्टनर घटना के बाद से फरार है. इससे संदेह और गहराता जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में जीआरपी थानाध्यक्ष शाहिद अनवर अंसारी के हवाले से कहा गया कि मृतका के पिता ने आवेदन दिया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होगा.
आपको बता दें कि बीते दिन छपरा जंक्शन स्थित बुढ़िया।माई मंदिर के पास रेल ट्रैक से एक युवती का सिर कटा शव बरामद किया गया था. युवती का सिर पूरी तरह से धड़ से अलग था. सूचना मिलने पर जीआरपी थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया था. उस समय मामला रेलवे ट्रैक पर खुदखुशी से जुड़ा बताया जा रहा था. परिजनों का कहना है कि उन्होंने डॉक्टर से कई बातें जाननी चाही लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई. परिजन इस मामले में गैंगरेप और मर्डर की आशंका जता रहे हैं. ऐसे में अब शव का दोबारा पोस्टमार्टम होगा.
