
रेलवे कनेक्टिविटी में दरभंगा को केंद्र बिंदु बनाने के लिए की जा रही ठोस पहल : डा गोपाल जी ठाकुर
दरभंगा। दरभंगा की रेलवे परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए सांसद ने रेलवे चैयरमेन को सौंपा ज्ञापन दरभंगा में निर्माणाधीन रेलवे परियोजनाओं में तेजी लाने की आवश्यकता है। अमृत भारत स्टेशन के रूप में चयनित दरभंगा स्टेशन के को विश्वस्तरीय बनाने, लहेरियासराय सकरी सहित अन्य स्टेशन के निर्माण कार्यों को समय से पूरा कर दरभंगा को रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश स्तर पर स्थापित करने की ठोस पहल की जा रही है। स्थानीय सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमिटी सदस्य डा गोपाल जी ठाकुर ने दिल्ली स्थित रेल भवन में भारतीय रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के साथ भेंट कर एक आग्रह पत्र सौंपने के बाद उपरोक्त बातें कही। भारतीय रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के साथ रेलवे के निर्माणाधीन परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा 2014 के बाद केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के गठन के बाद बिहार में निर्माणधीन 57 परियोजनाओं नई रेल लाइन, रेलवे के ढांचागत विकास के लिए छियासी हजार पांच सौ अड़तालिस करोड़ रुपए का निवेश किया गया जिसमें दो तिहाई भाग केवल मिथिला क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए आवंटित है जिसमें दरभंगा जिले के लिए काफी राशि स्वीकृति दी गई। श्री ठाकुर ने रेलवे चेयरमैन से दरभंगा स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप विकसित किए जाने के लिए ढांचागत निर्माण कार्यों में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा यह मिथिला क्षेत्र का केंद्रबिंदु है इसलिए यहां के आधारभूत संरचना को समय से पूरा करना आवश्यक है। रेलवे चेयरमैन से शिशो बाईपास स्टेशन पर वाशिंग पिट के निर्माण तथा वहां मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए ठोस पहल का आग्रह करते हुए कहा कि वहां जमीन अधिग्रहण संबंधी किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी तथा यदि वहां ट्रेनों का वाशिंग कार्य शुरू होने से रेलवे विभाग को समय और संसाधन की काफी बचत होगी। सांसद डा ठाकुर ने रेलवे चैयरमेन श्री कुमार से नई रेल परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि लहेरियासराय से सहरसा तथा लहेरियासराय से मुजफ्फरपुर नई रेल के लिए विभागीय स्तर की सभी औपचारिकताओं को पूरा करना आवश्यक है क्यूंकि यह नई रेल लाइन कोशी क्षेत्र का दरभंगा तथा मुजफ्फरपुर पटना के रेल यात्रियों के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित हो सकता है। उन्होंने चेयरमैन, कुमार से चर्चा के क्रम में बताया कि रेलवे को रोज़गार सृजन के लिए मजबूत माध्यम बनाने के लिए यहां रोजगारपरक उद्योग धंधे के लिए वृहत संभावनाओं के लिए मसौदा तैयार करें तथा मंत्रालय के समक्ष भेजकर चर्चा करें।