
दरभंगा। आयुक्त कार्यालय,दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा के सभागार में कौशल किशोर,आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल,दरभंगा का भाव-भीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त के सचिव, सत्येंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आयुक्त का कार्यकाल अपेक्षाकृत अल्प रहा,इस अवधि में उन्होंने प्रशासनिक दक्षता,मानवीय संवेदना एवं अनुकरणीय कार्यशैली की जो अमिट छाप छोड़ी है, वह लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी।
उन्होंने कहा आयुक्त का व्यवहार सदैव अपने कर्मियों के प्रति परिवार के सदस्य की भांति रहा तथा वे सभी से स्नेहपूर्वक एवं सम्मानजनक व्यवहार करते थे।
सचिव ने बताया कि आयुक्त का स्पष्ट निर्देश रहता था प्राप्त आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर किया जाए तथा कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। वे नियमित रूप से कार्यालय में आगंतुक आम नागरिकों से मिलते थे एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। आमजन के प्रति मानवीय दृष्टिकोण, सभी के साथ सद्व्यवहार एवं सहज उपलब्धता आयुक्त महोदय के विशिष्ट एवं अतुलनीय गुण रहे हैं। अपने विदाई संबोधन में आयुक्त कौशल किशोर ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा अच्छे व्यक्तित्व के विकास के लिए अच्छी आदतों को अपनाना एवं बुरी आदतों को त्यागना आवश्यक है, उन्होंने कहा कार्यालय के सभी कामों को ससमय निष्पादन करें। किसी भी स्तर पर पेंटिंग कार्य नहीं रहे। उन्होंने अपने वरीय एवं कनीय पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यालय कर्मियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
समारोह के दौरान आयुक्त के सचिव द्वारा आयुक्त महोदय को पाग ,शॉल अंग वस्त्र आदि देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने माला पहनाकर उन्हें भाव-भीनी विदाई दी। उल्लेखनीय है कि विदाई समारोह से पूर्व आयुक्त के कर-कमलों द्वारा दरभंगा प्रमंडल,दरभंगा की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस वेबसाइट के माध्यम से आम जनता को बिहार लोक शिकायत निवारण से संबंधित जानकारी, आयुक्त न्यायालय की सूचना प्रणाली,आरटीआई से संबंधित सूचनाएं,निर्वाचन से जुड़ी जानकारी तथा आयुक्त कार्यालय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां सुलभ होंगी। आयुक्त ने इस वेबसाइट के लांच करने में लगे कर्मी को धन्यवाद दिया। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं भावनात्मक क्षणों के साथ हुआ।
इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निदेशक सांख्यिकी शंभू प्रसाद यादव ,आर डी डी, सुश्री प्रीति सहायक की निदेशक योजना, प्रमंडलीय अधिकारी, कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे।