
दरभंगा। दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में दरभंगा, समाहरणालय के सभी शाखाओं के प्रधान लिपिकों, शाखा प्रभारी एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कार्यालय व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाहरणालय में संचालित सभी शाखाओं के कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना, लंबित कार्यों के निस्तारण में तेजी लाना, आमजनों से संबंधित सेवाओं के निष्पादन में पारदर्शिता,दक्षता सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने कहा समाहरणालय जनता की सेवा का प्रमुख केंद्र है, इसके लिए सभी शाखाओं में समय-बद्ध, पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा सभी संचिकाओं (फाइलों) एवं आवश्यक दस्तावेजों का समुचित अभिलेखीकरण, डैकोरेशन रजिस्टर का नियमित अद्यतन और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सभी प्रधान लिपिकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, अनावश्यक विलंब से बचा जाए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभागीय पत्राचार, फाइल मूवमेंट और ई-ऑफिस पर कार्य निष्पादन को और अधिक सक्रिय करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रत्येक शाखा के प्रधान लिपिक से उनके कार्यक्षेत्र की जानकारी ली और कार्यालयी व्यवस्थाओं का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कार्यों में व्याप्त कमियों को दूर करने एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, उन्होंने कहा एक सुदृढ़ व व्यवस्थित प्रशासन ही बेहतर जनसेवा की आधारशिला है और सभी अधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करें। बैठक में जिला स्तरीय सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय की सभी शाखाओं के प्रधान लिपिक आदि उपस्थित थे।