राष्ट्रीय

चक्रवात मोंथा से तबाही: राहुल ने केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया

डेस्क :कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश में चक्रवात मोंथा से हुई तबाही पर शनिवार को चिंता व्यक्त की और राज्य एवं केंद्र से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश में चक्रवात मोंथा से हुई तबाही ने कई जिलों में भारी कठिनाई पैदा की है। मेरी संवेदनायें उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजन, घर और आजीविका खो दी है।’उन्होंने कहा, ‘‘यह देखकर बहुत दुख होता है कि हमारे किसान, जिन्होंने महीनों तक अथक परिश्रम किया, उनकी पूरी फसल रातों रात बर्बाद हो गयी।’’ कांग्रेस नेता गांधी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में पार्टी जमीन पर मौजूद है, लोगों की बात सुन रही है और नुकसान का आकलन कर रही है।

गांधी ने पोस्ट में कहा, ‘‘हम राज्य और केंद्र दोनों सरकारों से तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं – तबाही का पैमाना तत्काल और सहानुभूतिपूर्ण कार्रवाई की मांग करता है।’’

चक्रवात मोंथा से 1.38 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि उपज प्रभावित हुई है और 829 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे 1.74 लाख किसान प्रभावित हुए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को केंद्र को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें प्रारंभिक आकलन के अनुसार चक्रवात मोंथा से 5,244 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान जताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *