प्रादेशिक बिहार

मुंगेर : दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह समेत 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

मुंगेर : जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन देनेवाले दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जनता दल यूनाईटेड के प्रत्याशी बाहुबली अनंत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मृतक दुलारचंद यादव के पोते के दिए आवेदन पर अनंत सिंह, दो भतीजों रणवीर सिंह, कर्मवीर सिंह, करीबी छोटन सिंह और कंजय सिंह पर नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। इधर, अनंत सिंह ने कहा है कि उनके ऊपर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं। यह सब राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी वीणा देवी के पति सूरजभान सिंह की साजिश है। उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन, जनता सब जानती है।

मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने कहा कि हमलोग रोज की तरह जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के प्रचार में मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बसामनचक गांव में गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे प्रचार करने पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ते में अनंत सिंह अपने सहयोगियों के साथ आए और दादा दुलारचंद यादव को गाली देने लगे। दादा ने गाली देने से मना किया तो राजवीर और कर्मवीर सिंह ने दादा को जबरन गाड़ी से खींचकर बाहर निकाल दिया। इतने में अनंत सिंह ने कमर से पिस्टल निकाला और गोलीबारी कर दी। एक गोली दुलारचंद के पैर में लगी। गोली लगते ही वह गिर गए। इसके बाद अनंत सिंह के सहयोगियों ने उन्हें बेरहमी से पीटा, फिर गाड़ी चढ़ा दी और फरार हो गए। इसके बाद हमलोग उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *