अन्य

लनामिविवि की आगामी 16 अक्टूबर को होने वाली 11 वां दीक्षांत समारोह टला,अब नवंबर में होना संभावित, खराब मौसम को देखते हुए राज्यपाल सचिवालय से सामारोह स्थगित करने पर लगी मुहर 

 

दरभंगा। ( नासिर हुसैन ) ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, कामेश्वर नगर के अभिषद की बैठक रविवार को कुलपति, प्रो संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सुबह 11 : 30 बजे हाइब्रिड मोड में कुलपति आवासीय कार्यालय पर की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 16 अक्टूबर को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर सदस्यों के समक्ष विचार रखें गए। मौसम की प्रतिकूलता को संज्ञान में रखते हुए विगत शनिवार को परीक्षा परिषद् की बैठक में सदस्यों द्वारा बनी राय के आलोक में दीक्षांत समारोह की तिथि 16 अक्टूबर को स्थगित करने के विचार को अभिषद सदस्यों के समक्ष रखा गया। बता दें , बंगाल की खाड़ी में बने डीप प्रेशर और अरब सागर में उठे शक्ति चक्रवात से अगले दो,तीन दिनों तक बिहार के 35 जिलों में तेज़ हवा के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दरभंगा और मधुबनी जिला रेड अलर्ट जोन के तौर पर घोषित किया गया है। विगत दो दिनों से लगातार तेज़ बारिश से विश्वविद्यालय परिसर में भारी जल जमाव की स्थिति चिन्ता का विषय बन गया है। ऐसे में विश्वविद्यालय के पास दीक्षांत समारोह में एक साथ अधिकतम 1500, न्यूनतम 1200 विद्यार्थियों की बैठने की क्षमता वाला ऑडिटोरियम अप्राप्य है। नागेंद्र झा स्टेडियम में जल जमाव, बिगड़ते मौसम के कारण सामारोह को खुले में कर पाना मुश्किल होगा। इस बाबत कुलपति कार्यालय द्वारा संबद्ध वेन्यू की छायाचित्र राजभवन को प्रेषित की जा चुकी है। सदस्यों के विचार का अनुपालन करते हुए सैद्धांतिक रूप से महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति सचिवालय से पत्राचार के क्रियान्वयन पर सहमति बनी। इस कार्य के लिए अभिषद सदस्यों ने कुलपति को अधिकृत किया। अनुमोदन पर सर्वसम्मति से विचार रखते हुए सदस्यों ने कहा दीक्षांत समारोह की तैयारी का कार्य निर्बाध गति से चलता रहेगा और सभी अधिकृत सदस्य अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। दीक्षांत समारोह की अगली तिथि चुनाव की तारीख़ व प्रक्रिया को देखते हुए तय की जाएगी। इस निर्णय को सभी उपस्थित अभिषद सदस्यों ने स्वीकार्य करते हुए अनुमोदित किया। अन्य मद के अंर्तगत 1500 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता वाले अस्थायी शेल्टर निर्माण हेतु कमिटी के गठन पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। इस कमिटी में अभिषद के चार सदस्य, अध्यक्ष, छात्र – कल्याण, एस्टेट ऑफिसर, अभियांत्रिकी अनुभाग और कुलसचिव को नामित किया गया है। इस दिशा में त्वरित कार्य करते हुए कुलपति ने तीन से पांच कार्य दिवस के भीतर रिपोर्ट जमा करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रो दिलीप कुमार चौधरी,प्रो अशोक कुमार मेहता,प्रो विजय कुमार यादव, परीक्षा नियंत्रक डॉ इंसान अली,मीना झा,सुजीत पासवान,डॉ धनेश्वर प्रसाद सिंह,डॉ अनिल कुमार चौधरी,डॉ बीरेंद्र कुमार चौधरी,डॉ गुलाम सरवर,प्रो अजय नाथ झा,डॉ कुमार मनीष, प्रभारी कुलसचिव, डॉ दिव्या रानी हंसदा उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *