उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

डेस्क :उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शनिवार सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि तीनों लोग कार से दिल्ली से काठमांडू जा रहे थे, इस दौरान रास्ते में कार का टायर पंचर होने पर वे सड़क किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गयाबीसलपुर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि बीसलपुर बरेली मार्ग पर स्थित भड़रिया मोड़ पर सड़क किनारे शनिवार तड़के लगभग पांच बजे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौत दुर्घटनास्थल पर ही हो गई जबकि तीसरे व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान दिल्ली के इंदिरा पार्क के निवासी कार के मालिक गणेश कुमार (25) और नेपाल के काठमांडू के रहने वाले कार चालक निखिल (19) के रूप में हुई है जबकि तीसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि अंजलि नामक 20 वर्षीय युवती की हालत बहुत गंभीर है, उसे बरेली भेजा गया है। शुक्ला ने बताया कि निखिल की मां पूजा भी उनके साथ थीं, जो दूसरी ओर खड़ी होने की वजह से बच गईं।

अधिकारी ने कहा कि तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के बाद ट्रक समेत फरार हुए चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *