लखनऊ : कुर्सी रोड बेहटा से लेकर टेढ़ी पुलिया चौराहे तक सड़क को सिक्स लेन करने के लिए ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर मांग की।
कुर्सी रोड राज्य राजमार्ग को पी०सी०यूo (Passenger Car Unit) के मानक के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के मानक सड़क की गति, यातायात की मात्रा, और आसपास के भूभाग के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं। इसमें कैरिजवे की चौड़ाई का निर्धारण होता है, जो वाहन की चौड़ाई और आवश्यक निकासी के आधार पर होता है। तीव्र मोड़ों पर सुरक्षित मार्ग के लिए कैरिजवे को चौड़ा करना पड़ता है, जबकि आवासीय क्षेत्रों में दो व्हील चेयर पार करने के लिए पर्याप्त जगह देने के लिए फुटपाथ की चौड़ाई 1.8 मीटर और वाणिज्यिक क्षेत्रों में 2.5 मीटर न्यूनतम होनी चाहिए। वर्तमान में कुर्सी रोड चार लेन की है तथा अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
सरकार द्वारा कुकरैल वन में नाइट सफारी प्रस्तावित है एवं अन्य विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य भी कुर्सी रोड पर प्रगति पर है। आने वाले समय में वाहनों की संख्या बढ़ेगी तथा सड़क पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न होगी।
फोर लेन (डिवाइडेड कैरिजवे) के अनुसार सड़क पी०सी०यू० (Passenger Car Unit)18000 से 35000 तक प्रतिदिन का है, किंतु राज्य राज मार्ग के कुर्सी रोड पर आज की तारीख में वाहनों का आवागमन प्रतिदिन लगभग 1 लाख से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। इसलिए क्षेत्रवासियों को भविष्य में होने वाली जनसमस्या का पूर्व में ही व्यापक स्तर पर व्यवस्थित किया जाना हितकारी होगा तथा कुर्सी रोड का चौड़ीकरण कर सिक्स लेन किया जाना ज्यादा उचित होगा।
ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा तथा महासचिव विवेक शर्मा ने नागरिक सुविधा दिवस पर नवागत मण्डलायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा तथा कुर्सी रोड पर जाम की स्थिति से निजात पाने के लिए कुर्सी रोड को सिक्स लेन करने हेतु कार्यवाही करने की मांग की। मण्डलायुक्त ने महासमिति की मांग स्वीकार कर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कुर्सी रोड को सिक्स लेन करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
