प्रादेशिक

ओडिशा : कोलकता जा रही बस जाजपुर में ओवरब्रिज से गिरी, 5 की मौत

डेस्क : ओडिशा के जाजपुर जिले में आज शाम एक बस के ओवरब्रिज से गिर जाने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। लगभग 50 यात्रियों को लेकर बस पुरी से निकली थी और कोलकाता जा रही थी।

जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर बाराबती में एक फ्लाईओवर को पार करते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस नीचे सड़क पर गिर गई। अग्निशमन सेवा कर्मियों के साथ स्थानीय लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और बस के अंदर से यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, कुछ घायल यात्रियों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया और गंभीर रूप से घायल लोगों को एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, कटक में स्थानांतरित कर दिया गया। दुर्घटना से प्रभावित यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए धर्मशाला पुलिस स्टेशन की एक टीम भी मौके पर गई। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, वहीं कुछ लोगों के वाहन के नीचे फंसे होने की आशंका है।

AMRITA KUMARI