प्रादेशिक

बिहार में बढ़ेगी ठंड, 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान, घने कोहरे का अलर्ट जारी

डेस्क : बिहार में ठंड अपना प्रचंड रूप दिखा रही है. बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण फिलहाल ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार (Bihar Weather News) के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा. घने कोहरे और पछुआ हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान लगाया गया है.

मौसम विभाग ने बिहार (Bihar Weather News) के कई हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, और अरवल जैसे जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है. उत्तर बिहार के 19 जिलों में कोहरे के प्रभाव से दृश्यता बेहद कम हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया जैसे शहर अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे की चपेट में रहेंगे.

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार, बिहार में अधिकतम तापमान 18-20°C और न्यूनतम तापमान 8-12°C के बीच रहने की संभावना है. बुधवार से तेज पछुआ हवाएं चलने का अनुमान है, जो ठंड को और बढ़ा देंगी. पटना, नालंदा, गया, समस्तीपुर, दरभंगा और भागलपुर जैसे जिलों में तापमान में गिरावट तय मानी जा रही है.

बिहार में बुधवार (Bihar Kal Ka Mausam) को दिन के समय आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, और शहरी क्षेत्रों में धुंध देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पछुआ हवाओं के प्रभाव के चलते ठंड बढ़ने की संभावना जताई है. अगले 2-3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी.

बिहार में घने कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ रहा है. कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह के समय हाईवे और अन्य सड़क मार्गों पर वाहन चालकों को कम दृश्यता के कारण बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *