डेस्क :राज्य में खरीफ धान फसल की रोपनी इन दिनों चल रही है। धान की आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीक से खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत रहती है। इसी कड़ी में अब कृषि विभाग ने धान की फसल से खरपतवार हटाने के लिए सलाह जारी की है। कृषि विभाग ने जारी सलाह में कहा है कि किसान रसायनों की अनुशंसित मात्रा का ही प्रयोग करें। खरपतवारनाशी रसायनों का प्रयोग करते समय भूमि में पर्याप्त नमी होनी चाहिए। छिड़काव सदैव हवा शान्त रहने तथा साफ मौसम में करना चाहिए। खरपतवारनाशी रसायनों के छिड़काव के लिए फ्लैट फैन/फ्लड जेट नोजल का ही व्यवहार किया जाना चाहिए। सामान्यतः धान की फसल में दो निकाई-गुड़ाई की आवश्यकता पड़ती है। पहली निकाई-गुड़ाई, बुआई अथवा रोपनी के 20-25 दिन बाद तथा दूसरी 40-45 दिन बाद करके खरपतवारों का प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।
