
दरभंगा शहर विधानसभा 83 में चुनाव आयोग की कार्य प्रणाली पर गंभीर संदेह : डॉ. जमाल हसन
दरभंगा। शहरी मतदाता की पहचान का सबसे मजबूत आधार मकान संख्या होता है, लेकिन आयोग ने इसे ही ध्वस्त कर दिया। डॉ विधानसभा क्षेत्र 83 में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर डॉ. जमाल हसन ने लालबाग मुख्य मार्ग पर जनता के सामने बीच सड़क पर अपने समर्थको के साथ चुनाव आयोग द्वारा 1 सितंबर 2025 को जारी वोटर लिस्ट हाथ में लेकर कहा आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह है। दरभंगा शहर में चुनाव आयोग के अधिकारियों ने एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली की है। मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़कर और मकान संख्या से छेड़छाड़ कर चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता पर चोट की गई है। दरभंगा शहर विधानसभा के बूथ संख्या 138 पर 87 मतदाताओं का मकान संख्या “0” दर्ज है। यह स्थिति न केवल हास्यास्पद है बल्कि मतदाता की पहचान को ही संदिग्ध बना देती है। मतदाता की पहचान का सबसे मजबूत आधार मकान संख्या होता है, लेकिन आयोग ने इसे ही ध्वस्त कर दिया है। श्री जमाल ने कहा बूथ संख्या 170 पर तो स्थिति और भी गंभीर है। यहाँ मकान संख्या 1 पर 93 मतदाता, मकान संख्या 5 पर 112 मतदाता, मकान संख्या 8 पर 93 मतदाता और मकान संख्या 10 पर 68 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इतना ही नहीं, 79 मतदाताओं का मकान संख्या “0” या किसी जगह के नाम से लिखा गया है। यह सीधे तौर पर फर्जीवाड़े का प्रमाण है और यह सवाल खड़ा करता है कि आयोग आखिर किस दबाव या साजिश के तहत इस तरह की गड़बड़ी कर रहा है। अगर आज हम चुप रह गए तो कल लोकतंत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। चुनाव आयोग को तुरंत इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए,फर्जीवाड़े को ठीक करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए हर नागरिक की पहचान सही और सुरक्षित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर बूथ पर नज़र रखेगी और किसी भी कीमत पर लोकतंत्र व जनता के अधिकारों की रक्षा करेगी।