Modi Govt Schemes: घर-घर पहुंचीं मोदी सरकार की मदद! पीएम के 75वें जन्मदिन पर जानिए टॉप-10 योजनाओं के बारे मेंSchemes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी ने राजनीति से लेकर सामाजिक जीवन तक, हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार कार्य कर रहे मोदी ने जनता के लिए कई तरह की योजनाएं शुरू की हैं। पहली बार सत्ता संभालते ही पीएम मोदी ने गरीब, किसान, महिला और आम परिवारों की जिंदगी बदलने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाओं की शुरुआत की।इन योजनाओं के जरिए कभी गरीबों के घर बनाने का सपना पूरा हुआ, तो कभी रसोई में धुआं खत्म कर उज्ज्वला गैस पहुंचाई गई। वहीं, किसानों को सम्मान निधि, बुजुर्गों को पेंशन, मरीजों को मुफ्त इलाज और आम लोगों को फ्री बिजली जैसी राहतें भी मिलीं। मोदी सरकार की ये योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहीं बल्कि करोड़ों लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाकर घर-घर चर्चित हो गईं। आइए जानते हैं पीएम मोदी के कार्यकाल की ऐसी 10 प्रमुख योजनाओं के बारे में, जिन्होंने देश की तस्वीर और लोगों की जिंदगी दोनों बदल दी।
1. प्रधानमंत्री आवास योजना
साल 2015 में शुरू हुई प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के लिए एक बड़ा तोहफा साबित हुई। इस स्कीम का मकसद हर परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराना है। मार्च 2025 तक 4.21 करोड़ घर बनाए जा चुके हैं और अब इस योजना को 2029 तक बढ़ाया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि और 2 करोड़ ग्रामीण परिवारों को अपना घर मिल सके। इस योजना ने लाखों लोगों का सपना पूरा किया, जो पहले किराए के मकानों या कच्चे घरों में रहते थे
2. जनधन योजना 28 अगस्त 2014 को शुरू हुई यह योजना देश के हर नागरिक को बैंकिंग सुविधा देने के उद्देश्य से लाई गई थी। इसमें जीरो बैलेंस अकाउंट खोला जा सकता है और खाताधारकों को ओवरड्राफ्ट, रुपे डेबिट कार्ड, और बीमा कवर जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। अगस्त 2025 तक 56 करोड़ खाते खुल चुके हैं, जिनमें से आधे से ज्यादा महिलाओं के नाम पर हैं। यह स्कीम वित्तीय समावेशन की दिशा में एक क्रांति साबित हुई, क्योंकि लाखों गरीब परिवार पहली बार बैंकिंग सिस्टम से जुड़े।
3. अटल पेंशन योजना 9 मई 2015 को शुरू हुई अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए बहुत मददगार रही। 18 से 40 साल तक के लोग इसमें निवेश कर सकते हैं और 60 साल की उम्र के बाद हर महीने 1,000 से 5,000 रुपये तक पेंशन पा सकते हैं। अप्रैल 2025 तक 7.65 करोड़ से ज्यादा खाते खोले जा चुके हैं। इस योजना ने उन मजदूरों और कामगारों को सुरक्षा दी है, जिनके पास बुढ़ापे में सहारा नहीं होता।
4. उज्ज्वला योजना
1 मई 2016 को लॉन्च हुई उज्ज्वला योजना ने करोड़ों महिलाओं की जिंदगी आसान बना दी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन और सब्सिडी पर सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। 2025 तक 10 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इससे रसोई में चूल्हे का धुआं खत्म हुआ और महिलाओं का स्वास्थ्य सुधरा। उज्ज्वला ने स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया।
5. प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
साल 2015 में शुरू हुई यह योजना उन लोगों के लिए वरदान है, जो महंगे बीमा नहीं खरीद सकते। केवल 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और 1 लाख रुपये तक का आंशिक विकलांगता कवर मिलता है। अब तक 51 करोड़ से ज्यादा लोग इससे जुड़े हैं। लाखों परिवारों को दुर्घटनाओं के समय वित्तीय सहारा मिला है
6. प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
2015 में शुरू हुई इस योजना ने आम लोगों को बेहद सस्ती दर पर जीवन बीमा का विकल्प दिया। सिर्फ 436 रुपये सालाना प्रीमियम देकर 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। 18 से 55 साल तक के लोग इसका लाभ ले सकते हैं। अप्रैल 2025 तक 23 करोड़ से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो चुके हैं। यह योजना गरीब और निम्न मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बानी।
7. आयुष्मान भारत योजना
23 सितंबर 2018 को शुरू हुई आयुष्मान भारत योजना ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी। इसके तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त कराया जा सकता है। अब तक 34 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं। हाल ही में सरकार ने इसमें बदलाव कर 70 साल से ज्यादा उम्र के सभी बुजुर्गों को भी इसमें शामिल किया है। यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना मानी जातीहै
8. पीएम किसान सम्मान निधि
24 फरवरी 2019 को शुरू हुई यह योजना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम रही। इसके तहत छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में दी जाती है। अब तक 20 किस्तें किसानों को मिल चुकी हैं। इस योजना ने 2 हेक्टेयर से कम जमीन वाले किसानों को आर्थिक सहारा दिया है।
9. गरीब कल्याण अन्न योजना
कोरोना महामारी के दौरान मार्च 2020 में शुरू हुई यह योजना आज भी देश के 80 करोड़ लोगों के लिए राहत का साधन है। हर महीने लाभार्थियों को 5 किलो मुफ्त अनाज दिया जाता है। सरकार ने इसकी अवधि बढ़ाकर 2029 तक कर दी है। इस स्कीम ने मुश्किल समय में गरीबों को भूखे पेट सोने से बचाया ।
10. पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना
15 फरवरी 2024 को शुरू हुई यह योजना न सिर्फ बिजली बिल में राहत देती है, बल्कि सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देती है। इसके तहत लाभार्थियों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलती है। साथ ही, सोलर पैनल लगाने पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी भी दी जाती है। मार्च 2025 तक लाखों घरों में सौर पैनल लगाए जा चुके हैं
।
।
