डेस्क : लाल किला परिसर के 15 अगस्त पार्क में चल रहे जैन धर्म के धार्मिक अनुष्ठान से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोने-हीरे जड़ा कलश चोरी हो गया.
जानकारी के मुताबिक, 28 अगस्त से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 9 सितंबर तक चलने वाला है. इसके लिए खास मंच तैयार किया गया था, जहां सिर्फ धोती-कुर्ता पहने और पहले से एंट्री हासिल करने वाले लोगों को आने दिया जा रहा था. सिविल लाइंस निवासी कारोबारी सुधीर जैन रोजाना अपने घर से पूजा के लिए यह कीमती कलश लेकर आते थे. यह कलश 760 ग्राम सोने से बना था और उस पर करीब 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जड़े हुए थे.
मंगलवार को भी सुधीर जैन पूजा के लिए कलश लेकर पहुंचे और उसे मंच पर रखा गया. इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे. उनके स्वागत में आयोजक और अकीदतमंद मसरूफ हो गए और इसी बीच धोती-कुर्ता पहने एक संदिग्ध शख्स मौके का फायदा उठाकर कलश लेकर फरार हो गया. पहले लगा कि कलश कहीं दबा रह गया है, लेकिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब तलाश शुरू हुई तो चोरी का खुलासा हुआ.
रिपोर्ट के मुताबिक, चोरी की शिकायत मिलते ही कोतवाली थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई. एसीपी शंकर बनर्जी की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई. जांच में पता चला कि संदिग्ध पिछले कई दिनों से आयोजन स्थल पर आ रहा था और अकीदतमंदों से घुल-मिल गया था. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें उसकी सरगर्मियां कैद हैं.
अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह वारदात सवाल खड़े करती है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा वाले लाल किले के अंदर इस तरह की चोरी कैसे हो गई. अकीदतमंद और आयोजक अब पुलिस से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्दी ही कलश बरामद कर लिया जाएगा और आरोपी सलाखों के पीछे होगा.
