वायरल वीडियो

दिल्ली : रेस्टोरेंट में भारतीय कपड़े पहनने पर कपल को रोका ! मालिक ने दी सफाई

डेस्क : दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट पर आरोप है कि उसने एक कपल को केवल इसलिए अंदर जाने से मना कर दिया क्योंकि वे भारतीय पारंपरिक परिधान पहने हुए थे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तुरंत संज्ञान लिया. वायरल वीडियो में दंपति अपना अनुभव शेयर करते दिख रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि, जबकि बाकी लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा था, रेस्टोरेंट मैनेजर ने उनसे बदसलूकी की और प्रवेश से रोक दिया.

वीडियो में रिकॉर्ड करने वाला शख्स कहता है कि अगर कोई रेस्टोरेंट भारतीय पोशाक में आए ग्राहकों को अंदर नहीं आने देता, तो उसे तुरंत बंद कर देना चाहिए.

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने X (ट्विटर) पर लिखा, “दिल्ली में यह अस्वीकार्य है. पीतमपुरा के एक रेस्टोरेंट में भारतीय पोशाक पर बैन का वीडियो सामने आया है. CM रेखा गुप्ता जी ने गंभीरता से संज्ञान लिया है. अधिकारियों को तुरंत जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.”

कुछ घंटों बाद उन्होंने अपडेट दिया कि रेस्टोरेंट संचालकों ने स्वीकार किया है कि अब किसी भी ड्रेस को लेकर पाबंदी नहीं होगी. साथ ही, रक्षाबंधन पर भारतीय पोशाक में आने वाली बहनों को विशेष छूट देने का भी ऐलान किया गया.

रेस्टोरेंट के मालिक नीरज अग्रवाल ने आरोपों से इनकार किया. उनका कहना है कि दंपति को केवल इसलिए रोका गया क्योंकि उनके पास रिजर्वेशन नहीं था. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेस्टोरेंट में कोई ड्रेस कोड नहीं है और सभी ग्राहकों का स्वागत किया जाता है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *