दरभंगा। ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया, बिहार प्रदेश इकाई में संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया तेज़ हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर झा ने दरभंगा ज़िले के तीन प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नवाज़ा है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और व्यापकता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

लहेरियासराय, गोविंदपुर निवासी श्री मुकुन्द कुमार चौधरी को प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। डॉ. झा ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि श्री चौधरी की सामाजिक सक्रियता, सूझ-बूझ और विचारशीलता से ब्राह्मण समाज की आवाज़ और अधिक मुखर होगी। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। शुभचिंतकों व समाज के प्रबुद्धजनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया।

वहीं, बिरौल प्रखंड अंतर्गत पोखराम गाँव निवासी श्री कैलाश कुमार चौधरी को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। सामाजिक सरोकारों में लंबे समय से सक्रिय कैलाश चौधरी की पहचान एक जिम्मेदार एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में रही है। उनके मनोनयन से संगठन के ज़मीनी स्तर पर विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

संगठनात्मक नियुक्तियों की इसी कड़ी में दरभंगा जिला स्तर पर भी नई टीम की घोषणा हुई है। दरभंगा ज़िले के रंजीत कुमार झा ‘गगन’ को जिला अध्यक्ष तथा सुबोध चौधरी को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह घोषणा रविवार को ब्राह्मण काउंसिल के राष्ट्रीय संरक्षक उदय शंकर चौधरी के बलभद्रपुर स्थित आवास पर आयोजित बैठक में की गई, जहाँ सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पाग-चादर से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यजनों ने संगठन की इस पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी समाज के लिए सशक्त भूमिका निभाएंगे।
जिलाध्यक्ष रंजीत झा गगन ने कहा कि वे शीघ्र ही जिले के सभी प्रखंडों में संगठन का विस्तार करेंगे और ज़रूरतमंद ब्राह्मणों को हरसंभव सहायता पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
बैठक में प्रदीप कुमार चौधरी, रेवती रमन मिश्र, प्रणव मिश्र, शिवेंद्रनाथ सहित कई अन्य सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे।
संगठन के इस सशक्त पुनर्गठन को ब्राह्मण समाज में नई जागरूकता एवं समरसता का प्रतीक माना जा रहा है।
