डेस्क: मेडिकल साइंस ने एक ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया है. दरअसल, अमेरिका में 1994 में फ्रीज किए गए भ्रूण से अब 30 साल बाद एक बच्चे का जन्म हुआ है. 30 साल पुराने फ्रोज़न एम्ब्रियो (जमे हुए भ्रूण) से स्वस्थ बच्चे का जन्म होना किसी साइंस-फिक्शन फिल्म जैसी लगती है, पर ये सच है.
इसे विज्ञान का चमत्कार माना जा रहा है. इस बच्चे को दुनिया का सबसे ‘उम्रदराज’ या ‘बुजुर्ग’ नवजात नवजात कहा जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बच्चे का जन्म 26 जुलाई को ओहायो में लिंडसे और टिम पियर्स के घर में हुआ है.
1990 के दशक की कहानी
बता दें कि एमआईटी टेक्नोलॉजी रिव्यू ने सबसे पहले इस खबर की रिपोर्ट प्रकाशित की थी, बताया जा रहा है कि इस कहानी की शुरुआत 1990 के दशक की शुरुआत में हुई थी, जब लिंडा आर्चर्ड और उनके पति ने प्रेग्नेंसी के दौरान आ रही दिक्कतों के निदान के लिए इन विट्रो फर्टिलाइजेशन यानी IVF का सहारा लिया था. इसी से इस बच्चे का जन्म हुआ है, जो सबसे लंबे समय तक संरक्षित भ्रूण से जन्म लेने वाला बच्चा है.
30 साल बाद बच्चे का जन्म
बताया जा रहा है कि 1994 में लिंडा से 4 भ्रूण प्राप्त किए गए थे, तब एक को उनमें ट्रांसफर कर दिया गया था, जिससे एक बेटी का जन्म हुआ था. वह बेटी अब 30 साल की है और 10 साल के एक बच्चे की मां भी है. वहीं अन्य भ्रूणों को क्रायोप्रिजर्व करके स्टोर कर लिया गया और बाद में लिंडा का अपने पति से तलाक हो गया तो इसके बाद भ्रूणों की कस्टडी लिंडा को मिल गई.
इसके बाद उन्हें भ्रूण को गोद लेने की प्रक्रिया के बारे में पता चला. बता दें कि लिंडा चाहती थीं कि उनके भ्रूण को कोई विवाहित और श्वेत ईसाई जोड़ा गोद ले. फिर उनकी मुलाकात पियर्स दंपती से हुई और उन्होंने भ्रूण को गोद ले लिया.
IVF की मदद
ओहायो निवासी लिंडसे और टिम पियर्स ने 1994 में जमा किए गए भ्रूण को अपनाया और IVF प्रक्रिया के जरिए उसे गर्भ में प्रत्यारोपित किया, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे लिंडसे के गर्भाशय में नवंबर 2024 में प्रत्यारोपित किया गया और वह भ्रूण मां के गर्भ में पनपा तो एक स्वस्थ बच्चे का जन्म हुआ. यह सबसे लंबे समय तक संरक्षित भ्रूण से जन्म लेने वाला बच्चा है और दिलचस्प बात यह है कि बच्चे की जैविक बहन अब 30 साल की है, जिसकी 10 साल की एक बेटी है.
विज्ञान की दुनिया का चमत्कार
30 साल पहले स्टोर किए गए भ्रूण से बच्चे का जन्म होना विज्ञान की दुनिया का चमत्कार माना जा रहा है. बताते चलें कि इस समय लिंडा आर्चर्ड 62 साल की हैं. 26 जुलाई को जन्मे बच्चे की फोटो का मिलान अपनी बेटी के बचपन की तस्वीर से करते हुए लिंडा आर्चर्ड ने कहा कि मैंने ऐसा कोई रिकॉर्ड तोड़ने के लिए नहीं किया था.
