नालंदा : नालंदा जिले में डाक सेवाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। डाक विभाग 4 अगस्त से पूरे नालंदा मंडल में IT 2.0 एप्लिकेशन को लागू करने जा रहा है। इस तकनीकी अपग्रेड को लेकर 2 अगस्त, शनिवार को जिले के सभी 351 डाकघर बंद रहेंगे। इस दौरान किसी प्रकार का डाक संबंधी कार्य नहीं किया जाएगा।
नालंदा मंडल के डाक अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि यह परिवर्तन ‘APT (Automated Post Tracking) 2.0’ प्रणाली के तहत किया जा रहा है। इस नई प्रणाली के शुरू होने के बाद सभी डाकघर पूरी तरह ऑनलाइन मोड में कार्य करेंगे। इससे विभाग की कार्यशैली अधिक पारदर्शी और तेज होगी, वहीं आम जनता को भी त्वरित और बेहतर सेवा का लाभ मिलेगा।
जनता को मिलेंगी कई नई सुविधाएं
IT 2.0 के लागू होने के बाद ग्राहकों को रियल टाइम ट्रैकिंग की सुविधा मिलेगी। अब कोई भी व्यक्ति अपने डाक या पार्सल की स्थिति को ऑनलाइन या एसएमएस के जरिए तत्काल जान सकेगा। बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की जानकारी पारदर्शी ढंग से उपलब्ध होगी।
कर्मचारियों को भी काम करने में मिलेगी सहूलियत
डाक अधीक्षक ने बताया कि यह प्रणाली न केवल ग्राहकों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि कर्मचारियों के लिए भी काम को आसान बनाएगी। विभागीय प्रक्रिया अधिक ऑटोमेटेड और सिस्टमैटिक हो जाएगी, जिससे काम की गति बढ़ेगी और भ्रष्टाचार की संभावनाएं कम होंगी।
डाटा माइग्रेशन के लिए घोषित किया गया नो वर्किंग डे
IT 2.0 सिस्टम के लागू होने से पहले पुराने एप्लिकेशन से नए सिस्टम में डेटा माइग्रेट किया जाएगा। इस तकनीकी प्रक्रिया के चलते 2 अगस्त को सभी डाकघरों में “नो वर्किंग डे” घोषित किया गया है, ताकि डेटा का सुरक्षित ट्रांसफर सुनिश्चित किया जा सके। डाक विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक डाक संबंधी कार्य जैसे मनी ऑर्डर भेजना, रजिस्ट्री कराना या अन्य सेवाओं का लाभ लेना 1 अगस्त तक अवश्य निपटा लें। ताकि 2 अगस्त को होने वाले अवकाश के कारण किसी को असुविधा न हो।
351 डाकघरों में लागू होगा नया सिस्टम
नालंदा मंडल के सभी 351 डाकघरों ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक में यह नई प्रणाली एक साथ लागू की जाएगी। यह पहल खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगी, जहां डाक सेवाएं अब भी जीवन की आवश्यक सुविधाओं में शामिल हैं।
