बिहार

बिहार का मोस्ट वांटेड डबलू यादव, हापुड़ में STF मुठभेड़ में हुआ ढेर

डेस्क : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार सुबह यूपी एसटीएफ और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश डबलू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया।

इस ऑपरेशन को पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, डबलू यादव की लोकेशन की जानकारी मिलते ही हापुड़ के एक इलाके में घेराबंदी की गई। पुलिस के सरेंडर के आदेश के बावजूद डबलू ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डबलू यादव बिहार के बेगूसराय जिले का निवासी बताया गया है। उस पर हत्या, अपहरण, और लूट जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। बिहार पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था और वह पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था।

 

राकेश शाह हत्याकांड का मुख्य आरोपी

डबलू यादव, बेगूसराय में हम पार्टी के नेता राकेश शाह के अपहरण और हत्या के मामले में वांछित था। इस वारदात के बाद जिले में विरोध प्रदर्शन हुए थे और लोगों ने कई घंटे तक हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया था।

 

राकेश शाह की मां शुकंतला देवी ने डबलू यादव पर अपहरण का आरोप लगाते हुए उसके लिए कड़ी सजा की मांग की थी। पुलिस के मुताबिक, राकेश शाह की हत्या की पूरी साजिश डबलू ने रची थी और वह वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

 

अलग-अलग राज्यों में था सक्रिय

पुलिस जांच में सामने आया है कि डबलू यादव की आपराधिक गतिविधियां सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं थीं। वह उत्तर प्रदेश, झारखंड और बंगाल में भी सक्रिय था। फरारी के दौरान वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा जिससे गिरफ्तारी मुश्किल हो रही थी।

यूपी एसटीएफ और बिहार पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से उसकी लोकेशन पर नजर बनाए हुए थीं। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर हापुड़ में उसका ठिकाना चिन्हित किया गया, जिसके बाद यह ऑपरेशन चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *