दरभंगा (नासिर हुसैन)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जमाल हसन ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का भारतीय राजनीति व अर्थव्यवस्था में योगदान अतुलनीय है। उनकी विद्वता, सरलता और नेतृत्व क्षमता ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। डॉ. हसन ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में भारत को आर्थिक सुधारों के नए दौर में प्रवेश कराया। साल 1991 में बतौर वित्त मंत्री उनके द्वारा किए गए सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी और देश को वैश्विक आर्थिक मंच पर स्थापित किया। उनकी नीतियों के परिणामस्वरूप करोड़ों भारतीयों का जीवन बेहतर हुआ। डॉ. मनमोहन सिंह का जाना न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। उनका जीवन और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। डॉ. जमाल हसन ने डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि उनके जैसे महान नेता की कमी सदैव खलेगी।