रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू से महका पब्लिक लाइब्रेरी का परिसर
दरभंगा (नासिर हुसैन)। लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी का प्रांगण लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। परिसर में चल रही दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी को शनिवार (28 दिसंबर) को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। प्रदर्शनी गणेश वंदना, शंखनाद और स्वस्तिवाचन के साथ शुरू हुई। एक साथ सैकड़ों किस्म के फूलों के डेकोरेशन को देखकर लोग अचंभित हो रहे थे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत वेद मंत्रों से हुई।
उत्तरी बिहार उद्यान समिति की अध्यक्ष लता खेतान ने अपने अध्यक्षीय एवं स्वागत संबोधन में जानकारी दी कि संस्था जनमानस के बीच प्रकृति प्रेम, हरियाली, जल संरक्षण, भूमि की उर्वरा शक्ति के पोषण के लिए कई कार्यक्रमों से लोगों को जागरूक करने में संलग्न रहती है। सभी सदस्य संस्था के उद्देश्यों को पूरा करने में तत्पर रहते हैं।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजीव रौशन ने प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉल पर जाकर इनका मुआयना किया और इस आयोजन की भूरी-भूरी तारीफ की । जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रदर्शनी का आयोजन प्रकृति प्रेम के प्रति जनजागृति का अनूठा तरीका है। ऐसे आयोजन से न सिर्फ आंखों को सुकून मिलता है, बल्कि संपूर्ण प्रकृति को संरक्षित और पोषित करने का संदेश मिलता है। आवश्यकता ऐसे कार्यक्रमों से लगाव की है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार, नगर आयुक्त राकेश गुप्ता, एसडीएम विकास कुमार, एडीएम राकेश रंजन, अनिल कुमार, निशांत कुमार आदि जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
समिति की ओर से दरभंगा में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा, हरियाली के विस्तार के लिए प्रयासरत संस्था मीन्स को ग्रीन अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया। पुष्प प्रदर्शनी में रंग-बिरंगे फूलों और कैक्टस आदि का दीदार करने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनी में बुजुर्ग, नवयुवक, युवतियां, महिलाएं व बच्चे प्रकृति के बीच बिताए गए पलों को समेटने में देर शाम तक लग रहे और अपने मोबाइल में इन सुनहरे पलों को कैद करते नजर आए। उत्तरी बिहार उद्यान समिति की ओर से लोगों के लिए खाने-पीने के स्टॉल की भी व्यवस्था की गई है। समिति के सभी सदस्य इस कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुचारू ढंग से चलाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे थे। समिति की ओर से सुरक्षा का भी पुख्ता इंतजाम किया गया है। समिति द्वारा इस कार्यक्रम के दौरान न्यूनतम कीमत पर पौधों की बिक्री की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर डॉ. विनोद कुमार मिश्रा, शिव भगवान गुप्ता, विनोद पंसारी, डॉ. राम बाबू खेतान, महासचिव राघवेंद्र कुमार, नीरज खेड़िया, मनोज डोकनिया, प्रकाश रंजन सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तरुण मिश्रा ने किया। प्रदर्शनी रविवार को भी आम लोगों के लिए खुली रहेगी और प्रात: 10 बजे विभिन्न प्रतियोगिताओं का पारितोषिक वितरण कार्यक्रम होगा।
संस्था के पुष्प और बागवानी विशेषज्ञ संजय सिन्हा और राजकुमार पासवान ने बताया कि प्रदर्शनी में मेरीगोल्ड, गुलदाउदी, विभिन्न किस्म के गुलाब, डालिया, राउंड कैक्टस, ग्राफ्टेड प्लांट, सक्यूलेंट, सॉन्ग ऑफ़ इंडिया, क्राटन, बोनसाई समेत कई प्रकार के फ्रूट प्लांट ओर्नामेंटल एवं मेडिसिनल प्लांट लगाए गए हैं। संस्था के पूर्व सचिव विनोद सरावगी ने बताया कि प्रदर्शनी में खासकर बोनसाई और कैक्टस की विभिन्न प्रजातियां लोगों को खासी आकर्षित कर रही हैं। बड़े पेड़ बरगद-पीपल आदि के पौधों को सपाट गमले में लगाकर बोनसाई तैयार किया जाता है। इस कार्यक्रम में करीब 35 स्कूलों की भागीदारी रही है, जिनके बच्चों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल कर पर्यावरण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता की एक ठोस बुनियाद संस्था द्वारा रखने का प्रयास किया जा रहा है।