पटना : पटना एक बार फिर एक सनसनीखेज हत्या से दहल गई है. एक हफ्ते पहले ही जहां मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, वहीं अब एक बीजेपी नेता को निशाना बनाया गया है.
बाइक पर आए दो हमलावरों ने शेखपुरा इलाके में बीजेपी नेता सुरेंद्र केवट को गोलियों से भून दिया और फरार हो गए. 52 साल के केवट को इस हमले में चार गोलियां लगीं. उन्हें फौरन पटना के एम्स (AIIMS) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस अधिकारी कन्हैया सिंह ने बताया, “सुरेंद्र केवट खेतों में काम कर रहे थे, तभी कुछ अनजान लोगों ने उन्हें गोली मार दी. उन्हें एम्स ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी. हम उनके रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रहे हैं और कार्रवाई की जा रही है.”
सुरेंद्र केवट पहले बीजेपी किसान मोर्चा के नेता रह चुके हैं. उनकी इस तरह हुई हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है, खासकर इसलिए क्योंकि कुछ ही दिन पहले कारोबारी गोपाल खेमका की भी इसी तरह हत्या कर दी गई थी.
