राष्ट्रीय

दिल्ली: मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में दो लोग गिरफ्तार, पांच करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त

डेस्क :दिल्ली के शास्त्री पार्क में एक व्यापारी और एक किराना दुकान के सहायक को हेरोइन की खेप पहुंचाने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों- अनस खान (26) और सुधीर कुमार उर्फ ऋतिक (27) के पास से पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को एक जुलाई को ‘जीरो पुस्ता रोड’ पर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास उस समय रोका गया जब वे एक कार से हेरोइन की खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि कुल हेरोइन में से खान के पास से 527 ग्राम और कुमार के पास से 526 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी अवनीश से हेरोइन खरीद रहे थे।’’ अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *