बीकेटी के राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टरों ने 67 वर्षीय बुजुर्ग के बदल दिए कूल्हे
लखनऊ। बख़्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्रा संयुक्त चिकित्सालय में कुल्हा प्रत्यारोपण शुरू हो गया है। शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज के एक तरफ का कूल्हा प्रत्यारोपित करने में कामयाबी हासिल की है। इस ऑपरेशन के बाद बाराबंकी के इस मरीज की सेहत अच्छी है।
आरएसएम हॉस्पिटल के डॉक्टरों का दावा है कि इस अस्पताल में पहली बार कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया है। प्रत्यारोपण के बाद मरीज की तबीयत में सुधार है। बाराबंकी के ग्राम कोढ़वा निवासी कल्लू पांडेय (67 वर्ष) के कूल्हे में चोट लग गई। परिवारीजन उन्हें लेकर राम सागर मिश्र हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां हड्डी रोग विभाग के डॉ. अशोक कुमार ने मरीज को देखा। रेडियोलॉजी की जांच कराई गई। इसमें दाहिनी तरफ का कूल्हा फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उन्हें बाईपोलर कूल्हा प्रत्यारोपण की सलाह दी।
राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि मरीज का कूल्हा प्रत्यारोपण कराने के लिए उनके परिवारीजन राजी हो गए। तब डॉ. अशोक कुमार, डॉ. यूएस लाल व डॉ. सुमित महराज की टीम ने ऑपरेशन किया। एनस्थीसिया विभाग के डॉ. अंशु व फहीम ने मरीज को बेहोशी दी। यह ऑपरेशन सफल रहा। इस ऑपरेशन के बाद मरीज स्वस्थ है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके शर्मा के मुताबिक आरएसएम अस्पताल में लगातार सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। परिणामस्वरूप, यहां ओपीडी व भर्ती मरीजों की संख्या में तेजी से बढोत्तरी हो रही है। बीते माह ओपीडी मरीजों की संख्या में करीब 34 प्रतिशत एवं पैथोलॉजी जांच में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य है। साथ ही, राजधानी क्षेत्र सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के मरीजों को अस्पताल में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रामेश्वरी जगदीश योगक्षेम ट्रस्ट के अध्यक्ष नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान ने कूल्हा प्रत्यारोपण करने वाली चिकित्सक टीम को बधाई दी है। समाजसेवी श्री चौहान ने अपनी प्रसन्नता जताते हुए कहा कि हमारे बख़्शी का तालाब में स्थित राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय कायाकल्प पिछले चार महीने से चल रहा है। नए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीके शर्मा के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक कार्य हो चुके हैं। यहाँ युवा चिकित्सकों की होनहार टीम लखनऊ सहित सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, बाराबंकी, सुल्तानपुर, उन्नाव व हरदोई जनपदों से आने वाले सैकडों मरीजों का बेहतरीन इलाज कर रही है।